अज़ीज़ुल-हक़ उमरी — 575
73:20 निःसंदेह आपका पालनहार जानता है कि आप (तहज्जुद की नमाज़ में) रात के दो-तिहाई भाग से कुछ कम तथा उसका आधा भाग और उसका एक-तिहाई भाग खड़े होते हैं। तथा आपके साथियों का एक समूह भी (ऐसा करता है)। और अल्लाह ही रात तथा दिन का अनुमान रखता है। उसने जान लिया कि तुम हरगिज़ उसकी क्षमता नहीं रखोगे। अतः उसने तुमपर दया की। अतः क़ुरआन में से जो आसान हो, पढ़ो।[5] वह जानता है कि निश्चय तुममें से कुछ लोग बीमार होंगे और कुछ अन्य लोग धरती में यात्रा करेंगे, अल्लाह का अनुग्रह तलाश करेंगे और कुछ दूसरे लोग अल्लाह की राह में युद्ध करेंगे। अतः उसमें से जो आसान हो, पढ़ो। तथा नमाज़ क़ायम करो और ज़कात दो और अल्लाह को उत्तम ऋण[6] दो। तथा तुम अपने लिए जो भी भलाई आगे भेजोगे, उसे अल्लाह के पास अति उत्तम और बदले की दृष्टि से बढ़कर पाओगे। और अल्लाह से क्षमा याचना करो। निःसंदेह अल्लाह अति क्षमाशील, अत्यंत दयावान् है।
74:1 ऐ कपड़े में लिपटने वाले![1]
74:2 खड़े हो जाओ, फिर सावधान करो।
74:3 तथा अपने पालनहार ही की महिमा का वर्णन करो।
74:4 तथा अपने कपड़े को पवित्र रखो।
74:5 और गंदगी (बुतों) से दूर रहो।
74:6 तथा उपकार न जताओ (अपनी नेकियों को) अधिक समझ कर।
74:7 और अपने पालनहार ही के लिए धैर्य से काम लो।
74:8 फिर जब सूर में फूँक[2] मारी जाएगी।
74:9 तो वह दिन अति भीषण दिन होगा।
74:10 काफ़िरों पर आसान न होगा।
74:11 आप मुझे और उसे छोड़ दें, जिसे मैंने अकेला पैदा किया।
74:12 और मैंने उसे बहुत सारा धन प्रदान किया।
74:13 और उपस्थित रहने वाले बेटे[3] दिए।
74:14 और मैंने उसे प्रत्येक प्रकार का संसाधन दिया।
74:15 फिर वह लोभ रखता है कि मैं उसे और अधिक दूँ।
74:16 कदापि नहीं! निश्चय वह हमारी आयतों का सख़्त विरोधी है।
74:17 शीघ्र ही मैं उसे एक कठोर चढ़ाई[4] चढ़ाऊँगा।
74:18 निःसंदेह उसने सोच-विचार किया और बात बनाई।[5]