अज़ीज़ुल-हक़ उमरी — 536
56:51 फिर निःसंदेह तुम ऐ गुमराहो! झुठलाने वालो!
56:52 निश्चय ही ज़क़्क़ूम (थूहड़) के वृक्ष में से खाने वाले हो।[5]
56:53 फिर उससे अपने पेट भरने वाले हो।
56:54 फिर उसपर खौलते पानी से पीने वाले हो।
56:55 फिर पीने वाले हो प्यास की बीमारी वाले ऊँट[6] के समान।
56:56 यह बदले के दिन उनकी मेहमाननवाज़ी है।
56:57 हमने ही तुम्हें पैदा किया, फिर तुम (पुनः जीवित किए जाने को) क्यों सच नहीं मानते?
56:58 तो क्या तुमने उस वीर्य पर विचार किया, जो तुम टपकाते हो?
56:59 क्या तुम उसे पैदा करते हो, या हम ही पैदा करने वाले हैं?
56:60 हम ही ने तुम्हारे बीच मृत्यु का समय निश्चित किया है और हम कदापि विवश नहीं हैं।
56:61 कि हम तुम्हारे रूप को परिवर्तित कर दें और तुम्हें ऐसी शक्ल-सूरत में पैदा कर दें, जिसे तुम नहीं जानते।
56:62 तथा निश्चय ही तुम पहली पैदाइश को जान चुके हो, फिर तुम नसीहत ग्रहण क्यों नहीं करते?
56:63 फिर क्या तुमने उसपर विचार किया जो कुछ तुम बोते हो?
56:64 क्या तुम उसे उगाते हो, या हम ही उगाने वाले हैं?
56:65 यदि हम चाहें, तो अवश्य उसे चूर-चूर कर दें, फिर तुम आश्चर्य करते रह जाओ।
56:66 कि निःसंदेह हमपर दाँड डाल दिया गया।
56:67 बल्कि हम वंचित हो गए हैं।
56:68 फिर क्या तुमने उस पानी पर विचार किया, जो तुम पीते हो?
56:69 क्या तुमने उसे बादल से उतारा है, या हम ही उतारने वाले हैं?
56:70 यदि हम चाहें, तो उसे अत्यंत खारा बना दें, फिर तुम शुक्र अदा क्यों नहीं करते?
56:71 फिर क्या तुमने उस आग पर विचार किया, जो तुम सुलगाते हो?
56:72 क्या तुमने उसके वृक्ष को पैदा किया है, या हम ही पैदा करने वाले हैं?
56:73 हमने ही उसे यात्रियों के लिए एक नसीहत तथा लाभ का सामान बनाया है।
56:74 अतः (ऐ नबी!) आप अपने महान पालनहार के नाम की तसबीह करें।
56:75 अतः नहीं! मैं सितारों के गिरने की जगहों की क़सम खाता हूँ!
56:76 और निःसंदेह यह निश्चय ऐसी क़सम है कि यदि तुम जानो तो बहुत बड़ी है।