>

अज़ीज़ुल-हक़ उमरी — 369

26:40 शायद हम इन जादूगरों के अनुयायी बन जाएँ, यदि वही विजयी हों।

26:41 फिर जब जादूगर आ गए, तो उन्होंने फ़िरऔन से कहा : क्या सचमुच हमें कुछ पुरस्कार मिलेगा, यदि हम ही प्रभावी रहे?

26:42 उसने कहा : हाँ! और निश्चय तुम उस समय निकटवर्तियों में से हो जाओगे ।

26:43 मूसा ने उनसे कहा : फेंको, जो कुछ तुम फेंकने वाले हो।

26:44 तो उन्होंने अपनी रस्सियाँ और लाठियाँ फेंकीं और कहा : फ़िरऔन के प्रभुत्व की सौगंध! निःसंदेह हम, निश्चय हम ही विजयी रहेंगे।

26:45 फिर मूसा ने अपनी लाठी फेंकी, तो एकाएक वह उन चीज़ों को निगल रही थी, जो वे झूठ बना रहे थे।

26:46 इसपर जादूगर सजदा करते हुए गिर गए।[9]

26:47 उन्होंने कहा : हम सारे संसारों के पालनहार पर ईमान ले आए।

26:48 मूसा तथा हारून के पालनहार पर।

26:49 (फ़िरऔन ने) कहा : तुम उसपर ईमान ले आए, इससे पहले कि मैं तुम्हें अनुमति दूँ? निःसंदेह यह अवश्य तुम्हारा बड़ा (गुरू) है, जिसने तुम्हें जादू सिखाया है। अतः निश्चय तुम जल्दी जान लोगे। मैं अवश्य तुम्हारे हाथ और तुम्हारे पाँव विपरीत दिशा[10] से काट दूँगा तथा निश्चय तुम सभी को अवश्य बुरी तरह सूली पर चढ़ा दूँगा।

26:50 उन्होंने कहा : कोई नुक़सान नहीं, निश्चित रूप से हम अपने पालनहार की ओर पलटने वाले हैं।

26:51 हम आशा रखते हैं कि हमारा पालनहार हमारे लिए, हमारे पापों को क्षमा कर देगा, इस कारण कि हम सबसे पहले ईमान लाने वाले हैं।

26:52 और हमने मूसा की ओर वह़्य की कि मेरे बंदों को लेकर रातों-रात निकल जा। निश्चय ही तुम्हारा पीछा किया जाएगा।

26:53 तो फ़िरऔन ने नगरों में (सेना) एकत्र करने वालों को भेज दिया।[11]

26:54 कि निःसंदेह ये लोग एक छोटा-सा समूह हैं।

26:55 और निःसंदेह ये हमें निश्चित रूप से गुस्सा दिलाने वाले हैं।

26:56 और निश्चय ही हम सब चौकन्ना रहने वाले हैं।

26:57 इस तरह हमने उन्हें बाग़ों और सोतों से निकाल दिया।

26:58 तथा ख़ज़ानों और उत्तम आवासों से।

26:59 ऐसा ही हुआ और हमने उनका वारिस बनी इसराईल को बना दिया।

26:60 तो उन्होंने सूर्योदय के समय उनका पीछा किया।